Sports News

सूर्यकुमार यादव ने 30 साल की उम्र में टीम इंडिया में शामिल होकर रचा इतिहास..

इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए शनिवार को टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। अन्य लोगों के साथ मुंबई के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल किया गया है। सूर्यकुमार पहली बार टीम इंडिया के किसी भी फॉर्मेट में शामिल हुए हैं। लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे सूर्यकुमार के पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाली टीम में भी शामिल होने की पूरी संभावना थी। सचिन तेंदुलकर से लेकर तमाम क्रिक्रेटरों ने सूर्यकुमार के अभी तक टीम इंडिया में सेलेक्ट नहीं होने पर सवाल भी खड़े किए थे। दोस्तों और परिवार में सूर्या के नाम से मशहूर सूर्यकुमार वैसे तो करीब 15 साल से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन 30 साल की उम्र में पहली बार टीम इंडिया में सेलेक्ट होकर उन्होंने इतिहास रच दिया है।

घरेलू क्रिक्रेट में सूर्यकुमार मुंबई के लिए खेलते हैं। आईपीएल में पहली बार 2011 में वह मुंबई इंडियन का हिस्सा बने थे। बीच में कोलकाता राइडर्स के साथ भी रहे। सूर्यकुमार ने पिछले सीजन में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 480 रन बनाए थे। इसकी बदौलत मुंबई इंडियंस की टीम रिकॉर्ड पांचवीं बार आईपीएल का खिताब अपने नाम करने में सफल रही थी।

बनारस के रहने वाले हैं सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव का परिवार बनारस का मूल निवासी है। पिता अशोक यादव का पूरा परिवार अब भी सैदपुर (अब गाजीपुर) के हथौड़ा गांव में रहता है। पिता अशोक कुमार यादव की मुंबई में नौकरी के कारण सूर्यकुमार की एजुकेशन मुंबई में ही हुई। सूर्यकुमार कुमार यादव के पिता अशोक यादव मुंबई में ही भाभा अटानमिक रिसर्च सेंटर (बीएआरसी) में इंजीनियर हैं। दादा श्री विक्रमा सिंह यादव सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर रहे और 1991 में राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित हुए थे। सूर्यकुमार यादव ने मुंबई के ही परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से शुरुआती पढ़ाई की। पिल्लई कॉलेज ऑफ आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस मुंबई से बीकॉम किया। सूर्या के शुरुआती कोच इनके चाचा विनोद यादव रहे। बाद में चंद्रकांत पंडित और एचएस कामथ से कोचिंग ली।

चार साल दोस्ती के बाद देविशा से शादी
सूर्या ने 2016 में अपनी फ्रेंड और डांस कोच देविशा शेट्टी से शादी की। 2012 में सूर्यकुमार की मुलाकात पहली बार अपनी देविशा से आरए पोडर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स मुंबई में हुई। देवीशा सूर्यकुमार की बल्लेबाजी से काफी प्रभावित थीं, जबकि सूर्यकुमार देवीशा के डांस से प्रभावित थे। परिवार में पिता अशोक और मां सपना के अलावा बहन दिनल हैं। सूर्या इस समय भारत पेट्रोलियम में मैनेजर हैं।

पिछले साल हो गए थे बेहद निराश
आईपीएल और घरेलू टूर्नामेंटों में लगातार दमदार प्रदर्शन करने के बाद भी पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अनदेखी से सूर्यकुमार यादव काफी निराशा हो गए थे। तब मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने उनकी निराशा दूर की और अपने खेल पर ही ध्यान देने को कहा था। सूर्या ने तब माना था कि ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए टीम का चयन उनके दिमाग में था। उन्होंने हालांकि दिमाग को भटकने से बचाने के लिए कुछ चीजों को खुद से अलग किया था। सूर्या ने जब देखा कि उनका नाम लिस्ट में शामिल नहीं है, तो उन्हें काफी निराशा हुई। सूर्या ने तब बताया था कि टीम की घोषणा के बाद जिम में रोहित मेरे बगल में बैठे थे। मैंने कहा कि जाहिर है, थोड़ा निराश हूं। बाद में मैं एक कमरे में बैठ गया और सोचने लगा, मेरा नाम क्यों नहीं है। लेकिन सेलेक्ट हुई टीम को देखने के बाद लगा कि उसमें बहुत सारे खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने भारतीय टीम और आईपीएल में खूब रन बटोरे हैं

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button